नई दिल्ली: भारतीय निवेशकों के लिए ग्लोबल मार्केट में निवेश करने को लेकर एक खास खबर है। पराग पारिख फाइनेंशियल एडवाइजरी सर्विसेज गिफ्ट ( PPFAS GIFT ) ने विदेशी बाजार में निवेश को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। PPFAS GIFT ने आउटबाउंड पैसिव फंड में कम से कम निवेश की सीमा घटाकर 500 अमेरिकी डॉलर कर दी है। कंपनी ने एक प्रेस रिलीज में इसकी जानकारी दी है।
बताया गया कि इस कदम का मकसद उन योग्य भारतीय निवेशकों के लिए ग्लोबल निवेश को आसान बनाना है, जो घरेलू बाजार से हटकर अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाना चाहते हैं। निवेश की कम से कम सीमा में बदलाव के बाद, अब ज्यादातर रिटेल निवेशक बहुत कम शुरुआती निवेश के साथ इन ग्लोबल इंडेक्स-लिंक्ड निवेश रणनीतियों का लाभ उठा सकते हैं।
5 हजार से घटाकर 500 डॉलर हुई राशि
प्रेस रिलीज में दी गई जानकारी के अनुसार, PPFAS GIFT ने अपने दो आउटबाउंड पैसिव फंडों को लेकर यह बड़ा फैसला लिया है। इसने पराग पारिख आईएफएससी एसएंडपी 500 फंड ऑफ फंड और पराग पारिख आईएफएससी नैस्डैक 100 फंड ऑफ फंड के लिए शुरुआती निवेश की राशि को काफी घटा दिया है।
पीपीएफएएस गिफ्ट ने इन दोनों आउटबाउंड पैसिव फंडों में न्यूनतम निवेश की राशि को 5000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 4.76 लाख रुपये) से घटाकर 500 अमेरिकी डॉलर (लगभग 47.6 हजार रुपये) कर दिया है।
कम राशि से ग्लोबल मार्केट में निवेश शुरू- हेमा ठक्कर
पीपीएफएएस की हेड (बिजनेस डेवलपमेंट-अल्टरनेटिव्स) हेमा ठक्कर ने कहा, "आउटबाउंड पैसिव फंड्स शुरू करने का उद्देश्य निवेशकों को गिफ्ट सिटी के जरिए वैश्विक बाजारों में निवेश का आसान और पारदर्शी विकल्प देना था।" उन्होंने आगे कहा, "न्यूनतम निवेश 5000 डॉलर से घटाकर 500 डॉलर करना इसी दिशा में अगला कदम है।"
हेमा ने कहा, "हमारा मानना है कि ग्लोबल स्तर पर निवेश में विविधता का अवसर केवल बड़े पूंजी वाले निवेशकों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इस बदलाव से अधिक पात्र निवेशक कम राशि से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश शुरू कर सकेंगे और इंडेक्स आधारित आसान निवेश रणनीतियों का लाभ उठा सकेंगे।"
कितने अहम हैं दोनों फंड?
प्रेस रिलीज में बताया गया कि पराग पारिख आईएफएससी एसएंडपी 500 फंड ऑफ फंड अमेरिका की 500 शीर्ष लिस्टेड कंपनियों वाले एसएंडपी 500 इंडेक्स में निवेश करने का मौका देता है। यह अमेरिकी लार्ज कैप बाजार के व्यापक हिस्से को कवर करता है।
वहीं, पराग पारिख आईएफएससी नैस्डैक 100 फंड ऑफ फंड नैस्डैक स्टॉक मार्केट में लिस्टेड 100 सबसे बड़ी गैर-वित्तीय कंपनियों वाले इस इंडेक्स में निवेश करता है, जिसमें तकनीक, संचार और उपभोक्ता क्षेत्र की कंपनियों का प्रमुख प्रतिनिधित्व है। दोनों ही फंड अपने-अपने इंडेक्स से जुड़े ईटीएफ और यूसीआईटीएस में निवेश करते हैं।