अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद फैंस पर सवाल उठाकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रहे अभिनेता विद्युत जामवाल ने एक वीडियो साझा किया है।
इस पुराने वीडियो में विद्युत रियल लाइफ में एक व्यक्ति की जान बचाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उनकी फिल्म ‘बुलेट राजा’ की शूटिंग के दौरान का है, जहां एक व्यक्ति गहरी और कांटेदार ढलान से फिसलकर नीचे गिर गया था और विद्युत ने अपनी जान की परवाह किए बिना नीचे कूदकर उसे बचाया था।
इससे पहले विद्युत ने फैंस से कहा था ‘कोई तो टाइगर के हमलावरों को पकड़ लेता, गोलियां चलती रहीं लोग तमाशा देखते रहे’। इस बयान के बाद विद्युत को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
टाइगर पर हमले के बाद फैंस से पूछे थे सवाल
यह पूरा मामला 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में हुई घटना से जुड़ा है, जहां अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद विद्युत जामवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर टाइगर को निडर बताया था, लेकिन साथ ही मौके पर मौजूद प्रशंसकों पर सवाल खड़े किए थे।
विद्युत ने कहा था कि वहां कई फैंस मौजूद थे जो खुद को सबसे बड़ा फैन बताते हैं, लेकिन गोलियां चलने के दौरान उनमें से किसी ने भी भागकर हमलावरों को पकड़ने या रोकने की कोशिश नहीं की।
विद्युत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया और जमकर ट्रोल किया।
‘बुलेट राजा’ के सेट पर बचाई थी व्यक्ति की जान
शेयर किया गया वीडियो उनकी फिल्म ‘बुलेट राजा’ की शूटिंग का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शूटिंग के दौरान एक व्यक्ति गहरी और कांटेदार ढलान पर अनियंत्रित होकर गिर जाता है।
उसे गिरता देख विद्युत तुरंत ढलान की ओर दौड़ते हैं और नीचे कूदकर उस व्यक्ति को सुरक्षित पकड़ लेते हैं। अगर विद्युत सही समय पर वहां नहीं पहुंचते, तो उस व्यक्ति को गंभीर चोट लग सकती थी।
डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने की थी विद्युत की तारीफ
वीडियो क्लिप में फिल्म के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया भी विद्युत जामवाल की तारीफ करते दिख रहे हैं। तिग्मांशु धूलिया ने बताया था कि वह जगह काफी गहरी, संकरी और कांटों से भरी थी, जहां जरा सा पैर फिसलने पर गंभीर चोट आ सकती थी। इसके बावजूद विद्युत तुरंत उस व्यक्ति को बचाने के लिए नीचे कूद गए। निर्देशक ने कहा कि दूसरों की मदद करना विद्युत के स्वभाव में शामिल है।