शी जिनपिंग के भारत दौरे से पहले कई चीजों पर बैन, सरकारी लिमोजिन कार से लेकर खाने की जांच के लिए स्पेशल टीम

सचिन पराशर, नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत की 24 घंटे के दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था हाई लेवल की होगी। इसमें होटल के ऊपर अस्थायी ‘नो-फ्लाई जोन’ बनाने से लेकर केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर खतरों की जांच करना शामिल है। ये सुरक्षा उपाय मुख्य रूप से ‘लोन-वुल्फ’ हमले या तिब्बती कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के संभावित खतरे को देखते हुए किए जा रहे हैं। बीजिंग ने चीन-विरोधी प्रचार के लिए ड्रोन, बैनर, लाउडस्पीकर और गुब्बारों के संभावित इस्तेमाल के बारे में चेतावनी दी है और कम ऊंचाई पर उड़ने वाली छोटी हवाई वस्तुओं और अन्य UAVs को दूर रखने के लिए प्रभावी उपाय करने को कहा है।

शी जिनपिंग शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंचेंगे

शी जिनपिंग शनिवार दोपहर के आसपास दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ 67 लोगों का दल होगा, जिसमें सीनियर नेता, राजनयिक, सुरक्षा अधिकारी और मेडिकल स्टाफ शामिल होंगे। एक सरकारी सूत्र ने बताया कि विदेश मंत्रालय के प्रोटोकॉल के तहत, दिल्ली पुलिस और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशी सरकारों की सुरक्षा से जुड़ी सभी चिंताओं और मुद्दों पर ध्यान दिया जा रहा है। दौरे से दस दिन पहले, चीन ने एक विमान से कई सामान भेजे, जिनमें शी की कार, ‘होंगकी’ (रेड फ्लैग) स्टेट लिमोजीन, एक बैकअप कार और कम्युनिकेशन का सामान शामिल था।


भारत विदेशी डेलिगेशन को अपना कम्युनिकेशन इक्विपमेंट साथ लाने की इजाजत देता है, लेकिन इसके लिए टेलीकम्युनिकेशन डिपार्टमेंट की मंजूरी जरूरी है। सैटेलाइट कम्युनिकेशन इक्विपमेंट लाने की इजाजत नहीं है। बंदूक और गोला-बारूद के मामले में, पिस्तौल लाने की तो इजाजत है, लेकिन सबमशीन गन और एंटी-ड्रोन इक्विपमेंट जैसी चीजें इम्पोर्ट नहीं की जा सकतीं और एयरपोर्ट पर पहुंचने पर इन्हें कस्टम्स के पास जमा करना होगा।

शी जिनपिंग पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे

शनिवार को ब्रिक्स समिट के सेशन में शामिल होने के अलावा, शी जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और बाद में उनके साथ स्टेट डिनर में भी शामिल होंगे। चीनी पक्ष ने भारतीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि शी के स्टाफ़ को किचन में जाने की इजाजत दी जाए, ताकि वे मेन्यू में शामिल कुछ डिशेज को चख सकें और यह पक्का कर सकें कि वे राष्ट्रपति की खान-पान की पसंद के मुताबिक हैं। G20 के मेन्यू की तरह, जिसमें मोटे अनाज (मिलेट) का ज्यादा इस्तेमाल हुआ था, इस मौके पर भी खाना शाकाहारी ही होने की उम्मीद है।

आतंकवाद-रोधी बलों और विस्फोट-रोधी उपकरणों की तैनाती के अलावा, शी के आने से पहले होटल में परमाणु-रोधी, रेडिएशन-रोधी और बायोकेमिकल-रोधी सुरक्षा की व्यापक जांच भी की जाएगी। सुरक्षा उपायों में अंडरग्राउंड पाइपलाइन नेटवर्क की जांच भी शामिल है। शी 24 घंटे भारत में रहेंगे और रविवार को सुबह करीब 11 बजे भारत मंडपम से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

Spread the love