‘बिग बॉस 20’ के शुरू होने से पहले ही शो में शामिल होने वाले कंट्स्टेंट्स को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच सितार वादक और कंपोजर भागीरथ भट्ट का नाम भी सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो से जोड़ा जा रहा था। हालांकि, अब भागीरथ ने खुद इन खबरों पर सफाई देते हुए साफ कर दिया है कि वो इस सीजन का हिस्सा नहीं हैं।
सलमान खान का ‘बिग बॉस 20’ 6 सितंबर से शुरू होने वाला है और शो के कंटेस्टेंट्स को लेकर लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में भागीरथ भट्ट का नाम भी संभावित कंटेस्टेंट के तौर पर चर्चा में था। अब म्यूजिशियन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने न सिर्फ शो में शामिल होने की खबरों को गलत बताया, बल्कि ये भी बताया कि उन्हें क्यों लगता है कि ‘बिग बॉस’ जैसा शो उनके स्वभाव के बिल्कुल उल्टा है।
भागीरथ भट्ट ने शो में शामिल होने की खबरों को बताया गलत
भागीरथ भट्ट ने ‘बिग बॉस 20’ की अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। जब फैंस ने बार-बार उनसे पूछा कि क्या वो शो में जा रहे हैं, तो सितार वादक ने इंस्टाग्राम पर सच बताया और कन्फर्म किया कि वो आने वाले सीजन का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने लिखा, ‘पिछले कुछ दिनों से, मुझे इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया पर बहुत सारे सवाल मिल रहे हैं कि क्या मैं बिग बॉस 20 में जा रहा हूं या नहीं। आपके प्यार और उत्सुकता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि मैं बिग बॉस 20 में नहीं जा रहा हूं।’
भागीरथ भट्ट का मानना है कि वो इस शो के लिए नहीं बने, बताया कारण
भागीरथ ने ये भी बताया कि उन्हें क्यों लगता है कि यह शो उनके लिए सही नहीं है। उन्होंने आगे कहा, ‘सच कहूं तो, मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसे शो के लिए बना हूं। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो चिल्ला सके या बेवजह शोर मचा सके। मैं शांत संगीत में विश्वास रखता हूं, और सुकून देने वाला संगीत हमेशा से मेरी प्रेरणा रहा है।’ उन्होंने अपने फैंस के प्यार और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हुए पोस्ट खत्म किया और ‘जय सिया राम, जय हिंद’ के साथ अपनी बात पूरी की।
कौन हैं भागीरथ भट्ट?
35 साल के भागीरथ भट्ट 1991 में जामनगर, गुजरात में जन्मे। भागीरथ ने छह साल की उम्र में अपना म्यूजिकल सफर शुरू किया था। वो संगीत के माहौल में पले-बढ़े; उनके पिता पंकज कुमार दिनेशचंद्र भट्ट, जो एक गायक और तबला आरटिस्ट थे उन्होंने सितार में उनकी रुचि जगाने में शुरुआती भूमिका निभाई। जैसे-जैसे भागीरथ बड़े हुए, उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया के कई मशहूर कलाकारों से ट्रेनिंग ली, जिनमें उस्ताद अब्दुल हलीम जाफर खान, उस्ताद शाहिद परवेज, उस्ताद असद खान और श्री चेतन शास्त्री शामिल थे। उनकी शास्त्रीय ट्रेनिंग का इस्तेमाल बाद में फिल्मों और स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट्स में भी हुआ, जहां उन्होंने समकालीन संगीत में सितार की आवाज को शामिल किया।
‘पद्मावत’ और ‘हीरामंडी’ से मिली पहचान
संजय लीला भंसाली की ‘पद्मावत’ और ‘हीरामंडी’ पर काम करने के बाद भागीरथ को काफी पहचान मिली। तब से, उनके सितार का इस्तेमाल ‘भूल भुलैया 3’, ‘बॉर्डर 2’ और प्राइम वीडियो की ‘बंदिश बैंडिट्स’ जैसे प्रोजेक्ट्स में किया गया है। भागीरथ भट्ट सितार बजाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और खुद को ‘सितार साधक’ कहते हैं। भागीरथ भट्ट मुख्य रूप से शास्त्रीय संगीत के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने लोक संगीत, फ्यूजन और गजल में भी काम किया है। उन्होंने अपने पारंपरिक संगीत को फिल्मों और आज के दौर के मनोरंजन से जोड़ते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।
बिग बॉस 20 से क्यों जुड़ा भागीरथ का नाम?
‘बिग बॉस 20’ में एक्सपेक्टेड कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में भागीरथ का नाम भी चर्चा में आया। कई एंटरटेनमेंट पब्लिकेशन ने संकेत दिया कि इस म्यूजिशियन से शो के लिए संपर्क किया जा सकता है। यह अटकलें इसलिए खास थीं क्योंकि वो टीवी पर दिखने या रियलिटी शो के बजाय अपने संगीत के लिए ज्यादा जाने जाते हैं। अगर वो शो में जाते, तो बिग बॉस में एक बिल्कुल अलग तरह की पर्सनैलिटी देखने को मिलती। हालांकि, अब खुद भागीरथ ने इन खबरों को खारिज कर दिया है।
बिग बॉस 20 के एक्सपेक्टेड कंटेस्टेंट्स
इस सीजन के कंटेस्टेंट्स की लिस्ट तो सामने आई है लेकिन अभी इनमें से कई नाम कन्फर्म नहीं हैं, लेकिन ऐसी चर्चा है कि कुशल तंवर (गुल्लू), काजी तौकीर, अरिशफा खान, यंग डीएसए (येडा यंग), उदिति सिंह, शोविक चक्रवर्ती, खुशी दुबे, कनिका मान, फ़ैसल खान, माही विज, अमन गांधी, गीता बसरा, आम्रपाली दुबे, रोहेद खान, मैरी कॉम, रिया अहीर, लव गिल, रीति तिवारी और नीतीश राजपूत इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
कब शुरू होगा ‘बिग बॉस 20’?
‘बिग बॉस 20’ का नया सीजन 6 सितंबर 2026 को शुरू होगा और सलमान खान एक बार फिर होस्ट के तौर पर नजर आएंगे। यह शो रात 9 बजे ‘JioHotstar’ पर स्ट्रीम होगा, जबकि कलर्स टीवी पर इसका टेलिकास्ट रात 10:30 बजे शुरू होगा।