मुंबई में ही रहेंगे आदित्‍य धर और यामी गौतम, हिमाचल प्रदेश में नहीं हो रहे श‍िफ्ट, फिल्ममेकर की टीम का जवाब

आदित्य धर और यामी गौतम मुंबई नहीं छोड़ रहे हैं। जी हां, बीते दिनों एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बॉलीवुड के इस ‘धुंरधर’ कपल ने मुंबई छोड़, हिमाचल प्रदेश में परमानेंट श‍िफ्ट होने का फैसला किया है। यह भी कि दोनों वहां 25 एकड़ में फैले एक 100 साल पुराने हेरिटेज होम में रहेंगे। लेकिन अब एक दूसरी रिपोर्ट में फिल्‍ममेकर आदित्‍य धर की टीम के हवाले से कहा किया कि ऐसी खबरों में कोई सच्‍चाई नहीं है।

बीते दिनों 22 सितंबर को ही गुजरात के केवड़‍िया में ‘आर्टिकल 370’ के लिए यामी गौतम को जहां बेस्‍ट एक्‍ट्रेस का नेशनल फिल्‍म अवॉर्ड मिला है, वहीं प्रोड्यूसर आदित्‍य धर को भी इसी फिल्‍म के लिए राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया। इसके ठीक बाद, 04 अक्‍टूबर को यह खबर आई थी कि यह कपल हमेशा के लिए हिमाचल प्रदेश शिफ्ट होने की योजना बना रहा है। लेकिन अब ‘इंडियन एक्‍सप्रेस’ ने फिल्ममेकर की टीम से बात की है, जिसमें इसका खंडन किया गया है।

आदित्‍य धर की टीम ने कहा- बिल्‍कुल नहीं, यह खबर कौन फैला रहा है?

नई रिपोर्ट के मुताबिक, जब कपल के कथित तौर पर हिमाचल प्रदेश में शिफ्ट होने की अटकलों पर आदित्य धर की टीम से संपर्क किया, तो जवाब मिला- बिल्‍कुल नहीं, यह खबर कौन फैला रहा है?

कहां से शुरू हुई थी यामी गौतम और आदित्‍य धर के मुंबई छोड़ने की अटकलें

आदित्‍य धर और यामी गौतम के मुंबई छोड़ने की खबर ‘एनडीटीवी’ और ‘फ्री प्रेस जर्नल’ ने एक सूत्र के हवाले से दी थी। इसमें कहा गया कि कपल हिमाचल प्रदेश में अपना स्थायी ठिकाना बनाने की योजना बना रहा है, क्योंकि यामी का उस राज्य और अपने होमटाउन से गहरा जुड़ाव है। 37 साल की यामी राज्य के बिलासपुर में पैदा हुई हैं।

यामी गौतम ने शादी से पहले मंडी में खरीदा था 100 साल पुराना हेरिटेज होम

इन खबरों को इस बात से आधार मिला कि यामी गौतम ने शादी से पहले मंडी के गोहर में 25 एकड़ जमीन पर बना 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था। यह घर उनके परिवार और बचपन की यादों से गहराई से जुड़ा हुआ है। यामी गौतम और आदित्‍य धर ने 04 जून 2021 को मंडी की इसी प्रॉपर्टी में शादी की थी। हिमाचल में उनका यह घर लकड़ी और पत्थर से बना है। इसके चारों ओर बगीचे हैं, जहां सेब, आलू, आलूबुखारा और अदरक भी उगाए जाते हैं।

मुंबई में खार वेस्‍ट इलाके में रहते हैं आदित्‍य धर और यामी गौतम

मुंबई में यामी गौतम और आदित्य धर इस वक्‍त खार वेस्ट इलाके में एक बड़े किराए के अपार्टमेंट में रहते हैं। आदित्य ने 2025 के आखिर में अपनी ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के पहले पार्ट के प्रमोशन के दौरान अपने इस घर के बारे में बात की थी। मजाक में कहा था कि उनका घर धुरंधर मार्ग पर है। यह अपार्टमेंट कपल ने लंबे समय के लिए किराए पर लिया हुआ है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि ‘धुरंधर’ की ब्‍लॉकबस्‍टर सफलता के बाद उन्होंने इसे खरीद लिया है।

आदित्य और यामी के लिए शानदार रहे हैं बीते दो-तीन साल

आदित्य धर और यामी गौतम के लिए बीते कुछ साल बेजोड़ रहे हैं। आदित्‍य अपनी हालिया दो फिल्मों, ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता के बाद से खूब चर्चा में हैं। इन दोनों फिल्‍मों ने मिलकर वर्ल्‍डवाइड ₹3120.74 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया है। दूसरी ओर, 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में इस कपल ने ‘आर्टिकल 370’ के लिए पुरस्‍कार जीते हैं। हाल ही यामी गौतम की बहन सुरिली ने अपने YouTube चैनल पर शेयर किया था कि परिवार ने यामी और आदित्‍य के नेशनल अवॉर्ड जीतने की खुशी का जश्‍न फूलों और बेसन का हलवा खाकर मनाया।

‘उरी’ के सेट पर मिले थे यामी और आदित्‍य, 2024 में पैदा हुआ बेटा

यामी गौतम और आदित्य धर उन कपल्‍स में से भी हैं, जो अपनी पर्सनल लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखते हैं। यह कपल 2019 में ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के सेट पर मिला था, जो आदित्य की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म थी। उन्होंने 2021 में शादी की और 2024 में ‘आर्टिकल 370’ की रिलीज के आसपास मई 2024 में बेटे वेदाविद को जन्‍म हुआ।

यामी गौतम की ‘नई नवेली’ इसी महीने होगी रिलीज

यामी गौतम इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्‍म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं, जो 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Spread the love