नई दिल्ली: 10 रुपये की चाय बेचकर भी बड़ा बिजनेस खड़ा किया जा सकता है। काफी लोगों ने चाय के बड़े स्टार्टअप भी शुरू किए हैं। वहीं स्टॉल या दुकान पर चाय बेचकर भी लोग हर महीने लाखों रुपये कमा रहे हैं। ऐसा ही एक दुकानदार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दुकानदार का दावा है कि वह चाय बेचकर हर महीने 8-9 लाख रुपये का कारोबार करता है। वीडियो में दुकानदार बताता है कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क से प्रेरणा मिलती है।
चाय बेचने वाले इस दुकानदार का इंस्टाग्राम पर मौजूद यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसे कंटेंट क्रिएटर आयुष गोस्वामी ने अपने अकाउंट आयुष स्टार्टअप (ayushstartup) पर पोस्ट किया है। शर्मा कैफे रेस्टोरेंट के नाम से चाय की दुकान चलाने वाले इस शख्स ने इस वीडियो में अपने कारोबार और सफलता के बारे में बताया है। उसका कहना है कि वह हर दिन करीब 3000 कप चाय बेचता है। उसने वीडियो में युवाओं को छोटे निवेश से कारोबार शुरू करने और अनुभव से सीखने की सलाह भी दी है।
हर दिन कितनी बिक्री?
आयुष गोस्वामी के साथ बातचीत में शर्मा कैफे रेस्टोरेंट के मालिक ने अपने कारोबार के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि उसकी दुकान पिछले 55-56 साल से चल रही है। दुकान के मालिक के मुताबिक, वह ग्राहकों को अच्छी चाय देने की कोशिश करते हैं। उनकी दुकान पर हर दिन करीब 3,000 कप चाय बिकते हैं। एक कप चाय की कीमत 10 रुपये है। इस हिसाब से चाय की बिक्री से रोजाना करीब 25,000 से 30,000 रुपये तक की रकम आती है।
मोदी और मस्क से क्यों मिलती है प्रेरणा?
बातचीत के दौरान आयुष गोस्वामी ने दुकानदार से पूछा कि क्या युवा कम पैसे लगाकर भी बड़ा कारोबार खड़ा कर सकते हैं? इस पर दुकानदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कारोबारी एलन मस्क का उदाहरण दिया। उसने कहा कि हर व्यक्ति को नीचे से शुरुआत करके आगे बढ़ने का मौका मिलता है।
युवाओं को दी खास सलाह
चाय की दुकान के मालिक ने युवाओं को कारोबार शुरू करने के लिए छोटी रकम से शुरुआत करने की सलाह दी। उसके मुताबिक, शुरुआत में 10,000 रुपये, 20,000 रुपये या 50,000 रुपये जैसे छोटे निवेश के साथ रिस्क लेकर कारोबार की कोशिश की जा सकती है।