नई दिल्ली, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी, बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में हुई। बैठक से पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सभी 6 अंतरे गाए गए। नितिन नवीन दोपहर में BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे।
नवीन ने BJP अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई टीम का ऐलान किया था। इसमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं।
नई टीम में अगले साल चुनाव वाले 4 राज्यों के 18 नेताओं को भी जगह दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं।
नई टीम में स्मृति-राम माधव की वापसी, कई बड़े चेहरों को जिम्मेदारी
टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं, वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां मिली हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं, अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को BJP IT सेल की जिम्मेदारी दी गई है।