सर्वमंगलमय वर्षावास: सिर्फ गर्म पानी ग्रहण कर 150 तपस्वी करेंगे साधना

रायपुर। विवेकानंद नगर स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास में गिरनार नेमी तप की आराधना अंतिम चरण में पहुंच गई है। 22 दिवसीय इस तप के अंतिम तीन दिन 150 तपस्वी 25 अगस्त से तीन दिवसीय उपवास (तेला) करेंगे। इस दौरान वे केवल गर्म पानी ही ग्रहण करेंगे। तपस्वी सुबह धर्मसभा में मुनिभगवंत से मांगलिक प्राप्त करने के बाद तथा सूर्यास्त से पहले शाम 4.30 बजे तक जरूरत के अनुसार गर्म पानी ग्रहण करेंगे।

तीन दिनों तक निराहार रहकर होगी कठिन तपस्या
मुनि संवेगरत्न सागर आदि थाणा की पावन निश्रा में 7 अगस्त से शुरू हुए इस तप में 150 तपस्वी आत्मकल्याण के उद्देश्य से साधना कर रहे हैं। 25,26 व 27 अगस्त को 150 तपस्वी आत्म-कल्याण और त्याग की भावना के साथ इस पावन तपस्या को संपूर्ण करेंगे। तीन दिनों तक निराहार कठिन तपस्या होगी। तप का पारणा 28 अगस्त शुक्रवार को होगा। 

मेहंदी-सांझी का कार्यक्रम 26 अगस्त को 
ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय कांकरिया और कार्यकारी अध्यक्ष अभय भंसाली ने बताया कि गिरनार नेमी तप की तपस्या के निमित्त 26 अगस्त को मुनि भगवंतों की पावन निश्रा में मेंहदी-सांझी का कार्यक्रम होगा। संभवनाथ जिनालय से गाजे-बाजे के साथ मेंहदी के थाल लेकर लाभार्थी परिवार के साथ बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपाश्रय पहुंचेंगी। यहां सभी तपस्वियों को मेहंदी भेंट की जाएगी। महिला मंडल द्वारा भक्ति गीत-संगीत से सांझी का कार्यक्रम होगा। 

लाभार्थी परिवार द्वारा तपस्वियों का होगा सम्मान
उन्होंने बताया कि लाभार्थी परिवार की ओर से तपस्वियों का तिलक, माला और श्रीफल से सम्मान किया जाएगा। चातुर्मास समिति द्वारा लाभार्थी परिवार के हाथों सभी तपस्वियों को तपस्या के यादगार उपहार भेंट किए जाएंगे। भक्ति और संगीत के बीच बहुमान समारोह सभी तपस्वियों का सम्मान किया जाएगा। 28 अगस्त को 150 तपस्वी सामूहिक पारणा कर तपस्या पूर्ण करेंगे। 

भाव यात्रा में शामिल हुए सभी तपस्वी 
रविवार को चतुर्विध संघ के सानिध्य में गिरनार नेमी तप के निमित्त निकली भव्य गिरनार भाव यात्रा में सभी 150 तपस्वी शामिल हुए। विवेकानंद नगर से शुरू हुई यात्रा टेगौर नगर स्थित पटवा भवन पहुंची। भक्तिमय -संगीतमय गिरनार तीर्थ की भाव यात्रा व भगवान नेमीनाथ की भक्ति के पश्चात धर्मसभा में तपस्वियों के साथ बड़ी संख्या में श्रावक -श्राविकाओं ने मुनिभगवंतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। गिरनार नेमी तप के तपस्वियों का ग्रुप फोटो लिया गया। 28 अगस्त को मंगल प्रवचन के पश्चात सभी तपस्वी पारणा करेंगे।

Spread the love