पाकिस्तान ने वनडे ट्राई सीरीज के मुकाबले में इंग्लैंड को 1 विकेट से हरा दिया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई।
जवाब में पाकिस्तान के 154 रन पर 9 विकेट गिर गए थे। टीम को अब भी जीत के लिए 88 रन की जरुरत थी। यहां से शादाब खान ने हारिस रऊफ के साथ नाबाद 89 रन की साझेदारी कर जीत दिला दी।
शादाब ने नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे इंटरनेशनल की सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 96 गेंद पर नाबाद 113 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंच गई है। जहां उसकी भिड़ंत इंग्लैंड और श्रीलंका में से एक से होगी।
इंग्लैंड की शुरुआत खराब, डकेट ने शतक लगाया
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ने शुरुआती तीन विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद बेन डकेट ने पारी संभाली और 111 गेंदों पर 105 रन बनाए। उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के लगाए।
सैम करन ने 52 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि गस एटकिंसन ने 28 गेंदों पर नाबाद 36 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। अराफात मिन्हास और रजाउल्लाह को 2-2 विकेट मिले।
पाकिस्तान ने 31 रन पर गंवाए 3 विकेट
- 242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने भी खराब शुरुआत की। फखर जमान 10, सैम अयूब 6 और बाबर आजम 10 रन बनाकर आउट हो गए। टीम ने 31 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे।
- इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज साद बेग ने 22 गेंदों पर 32 रन बनाकर पारी को आगे बढ़ाया। सलमान आगा ने 49 गेंदों पर 26 और हसन नवाज ने 33 गेंदों पर 15 रन बनाए।
- पाकिस्तान ने 103 रन तक 6 विकेट गंवा दिए थे। सलमान आगा के आउट होने तक टीम का स्कोर 122 रन पर 7 विकेट हो चुका था।
शादाब ने आखिरी विकेट की साझेदारी में 81 रन अकेले बनाए
- मुश्किल स्थिति में शादाब खान ने मोर्चा संभाला। उनके सामने शाहीन अफरीदी 4 और रजाउल्लाह 8 रन बनाकर पवेलियल लौट गए। यहां से पाकिस्तान की जीत मुश्किल नजर आ रही थी।
- यहां से रऊफ ने शादाब का साथ दिया। 89 रन की साझेदारी में हारिस ने 19 गेंदों पर नाबाद 7 रन बनाए। वहीं 81 रन अकेले शादाब ने बना दिए। एक रन एक्स्ट्रा के जरिए मिला।
- इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन ने 10 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट लिए। गस एटकिंसन और लियाम डॉसन को 2-2 विकेट मिले।
-
पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स ने दूसरे टी-20 में वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर उतारने के फैसले पर सवाल उठाए। मैच के बाद पैनल डिस्कशन में मुरली कार्तिक ने पूछा कि वैभव को ओपन क्यों नहीं भेजा गया।